शिक्षा हेतु वित्तीय सहायता योजना के अंतर्गत मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत बीड़ी, चूना पत्थर, डोलोमाईट तथा लौह-मैग्नीज-क्रोम अयस्क खदान श्रमिक एवं उनके पुत्र-पुत्रियों को शिक्षा हेतु छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। योजनांतर्गत कक्षा 1 से उच्च शिक्षा प्राप्त करने पर एक हजार रुपये से 25 हजार रुपये तक छात्रवृति प्रदान की जाती है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में छात्रवृत्ति के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (https://scholarships.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया प्रारम्भ हो गई है। विद्यार्थियों को आवेदन करने के लिए ओटीआर (One Time Registration) एवं फेस ओथेंटिकेशन प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। आवेदन की पात्रता एवं अन्य जानकारी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर उपलब्ध है।
बीड़ी श्रमिक औषधालय इंदौर के चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि छात्रवृत्ति हेतु प्री मेट्रिक के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त तथा पोस्ट मेट्रिक हेतु आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों को स्पष्ट और पठनीय स्थिति में स्कैन कर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। ऑनलाइन आवेदन करने के पश्चात अपने शिक्षण संस्थान में संपर्क कर अपने आवेदन को स्कॉलरशिप पोर्टल (https://scholarships.gov.in) के माध्यम से ही सत्यापित करवाना होगा। बिना सत्यापित आवेदनों पर विचार नहीं किया जायेगा।
ऑनलाईन आवेदन करने संबंधी अन्य किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु जबलपुर मुख्यालय के दूरभाष क्रमांक- 0761-4039511, 4039510 या e-mail ID -wc.jabalpur@rediffmail.com, wcjab@mp.gov.in तथा कल्याण प्रशासक कार्यालय, इन्दौर के दूरभाष क्रमांक- 0731-2703530 व e-mail ID-waind@mp.gov.in पर संपर्क स्थापित किया जा सकता है। साथ ही मध्यप्रदेश परिक्षेत्र में संचालित अपने नजदीकी औषधालयों एवं केन्द्रीय चिकित्सालय सागर में व्यक्तिगत रूप से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।