इंदौर के हादसे और छिपे हुए संकेत ?

सितंबर 2025 इंदौर के लिए मानो त्रासदियों का महीना बनकर आया है। घटनाओं का ऐसा सिलसिला देखने को मिला जिसने पूरे शहर को हिला दिया और सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर ये सब क्या हो रहा है। सितंबर ने इंदौर को झकझोर दिया—कभी अस्पताल में मासूम चीख़ें थमीं, कभी सड़कों पर सपने कुचले गए और कभी घर ही मलबा बनकर ढह गया… ये हादसे इत्तेफ़ाक़ नहीं, चेतावनी हैं।🕯️💔

घटनाओं का क्रम…

🚩 एमवाय अस्पताल का चूहा कांड: शहर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, एमवाय में यह ख़बर सामने आई कि नवजात शिशुओं की मौत चूहों द्वारा कुतरने से हुई। चाहे बाद में अस्पताल प्रशासन ने मेडिकल कारणों की बात कही हो, लेकिन इस घटना ने अस्पतालों की स्वच्छता, सुरक्षा और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

🚩 एयरपोर्ट रोड पर ट्रक का कहर: कुछ ही दिनों बाद एयरपोर्ट रोड पर बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया। इंदौर की पहचान “साफ-सुथरे शहर” की है, लेकिन सड़कों पर सुरक्षा का स्तर क्या है, यह घटना उजागर कर गई।

🚩 इंदौर–उज्जैन रोड पर बस हादसा: इसी महीने एक भीषण सड़क दुर्घटना में पूरे परिवार की जान चली गई। यह सिर्फ एक एक्सीडेंट नहीं था, बल्कि यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों की निगरानी और सड़क सुरक्षा नियमों की पोल खोलने वाला आईना था।

🚩 रानीपुरा में तीन मंजिला इमारत ढही: और अब रानीपुरा में तीन मंजिला इमारत का गिरना। कई लोग मलबे में दब गए और दो लोगों की मौत हो गई। यह सवाल खड़ा हो रहा है कि आखिर नगर निगम और बिल्डिंग परमिट देने वाली एजेंसियाँ क्या सिर्फ कागज़ों में जांच करती हैं? पुराने और जर्जर मकानों का सर्वे कौन करेगा?

🚩 इन घटनाओं का संकेत?

इन चार घटनाओं को अलग-अलग देखने की बजाय एक श्रृंखला के रूप में देखें, तो यह साफ दिखता है कि:

📌 प्रणालीगत लापरवाही लगातार मौतों और हादसों की जड़ है।

📌 जिम्मेदारों की प्राथमिकताएँ ग़लत हैं — स्वच्छता अभियान, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और कई अन्य योजनाओं पर करोड़ों खर्च हुए और अब इन्हें प्रमोट करने के लिए भी शहर में लगातार हो रहे इवेंट्स पर लाखों खर्च होते हैं, लेकिन बुनियादी सुरक्षा, स्वास्थ्य और ढांचे की निगरानी में कोताही बरती जाती है।

📌 जवाबदेही से बचना एक पैटर्न बन गया है — हादसे के बाद अफसर प्रेस नोट जारी कर देते हैं, मीडिया बाइट्स दे देते हैं, लेकिन दोषियों पर सख्त कार्रवाई शायद ही होती है।

📌 जनता का भरोसा डगमगाता जा रहा है — अस्पतालों में इलाज पर, सड़कों पर यात्रा पर, और घरों की दीवारों पर।

🚩 आगे क्या होना चाहिए?

📌 अस्पतालों में सफाई और सुरक्षा पर स्वतंत्र ऑडिट — ताकि एमवाय जैसी घटनाएँ फिर न हों।

📌 ट्रैफिक मैनेजमेंट और हैवी व्हीकल पर सख्त निगरानी — एयरपोर्ट रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर चौकसी और तकनीकी नियंत्रण (स्पीड कैमरे, GPS ट्रैकिंग)।

📌 जर्जर इमारतों का सर्वे — नगर निगम को पुराने मकानों की पहचान कर उन्हें तुरंत खाली करवाना और पुनर्निर्माण की योजना बनानी होगी।

📌 जवाबदेही तय करना — हर हादसे में सिर्फ कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं, बल्कि शीर्ष अधिकारियों और विभागीय प्रमुखों पर भी जिम्मेदारी तय हो।

सितंबर की यह घटनाएँ हमें याद दिलाती हैं कि इंदौर की असली परीक्षा सिर्फ सफाई अभियान या पुरस्कार जीतने से नहीं होगी, बल्कि इस बात से होगी कि यहाँ मानव जीवन कितना सुरक्षित है।

यह हादसे हमें चेतावनी देते हैं कि अगर हमने समय रहते सिस्टम की खामियों को नहीं सुधारा, इस बढ़ते इंदौर के लिए आने वाले दिन और भी भयावह हो सकते हैं। वक्त आ गया है कि हमें प्रचार की जगह प्राथमिकताओं की पूर्ति पर समय देना होगा। 🙏

0Shares
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़े Join Now
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें Join Now
हमारे यूट्यूब चैनल से जुड़ें Join Now