नौलखा बस स्टैंड के सभी बस ऑपरेटरों को सूचित किया जाता है कि माननीय हाई कोर्ट के आदेश पर नौलखा बस स्टैंड से चलने वाली सभी बसों को इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी), नायता मुंडला में शिफ्ट कर दिया है। सभी ऑपरेटर अपनी बसें आईएसबीटी ले जाएं और वहां से वाहनों का संचालन करें।
सोमवार सुबह 7.30 बजे से यह अनाउंसमेंट नौलखा बस स्टैंड पर लगातार किया जा रहा था। जैसे-जैसे बसें आ रही थीं परिवहन विभाग और प्रशासन की टीम बसों को आईएसबीटी भेज रही थी। इसी बीच कुछ बस ऑपरेटरों ने कहा कि उन्हें कुछ समय दिया जाए। हालांकि उनसे कहा गया कि अब बसों का संचालन वहीं से होगा। बस ऑपरेटरों को दी गई समझाइश के बाद वे भी मान गए और बसें आईएसबीटी ले गए। यात्रियों को आने-जाने में असुविधा नहीं से, इसलिए दो सिटी बसें भी लगाई गई थीं, जो यात्रियों को बारी-बारी से आईएसबीटी ले जा रही थीं। आरटीओ प्रदीप शर्मा, एआरटीओ अर्चना मिश्रा सहित परिवहन विभाग के स्टाफ ने बस ऑपरेटरों को समझाइश दी। फ्लैक्स भी लगाया गया कि यहां से बसों को शिफ्ट कर दिया है। आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया नायता मुंडला बस स्टैंड से हरदा, नेमावर, होशंगाबाद व बैतूल रूट की 80 बसों का संचालन शुरू कर दिया है।