इंदौर में जवाहर मार्ग स्थित जयश्री मर्चेंट गोदाम में 900 किलोग्राम सौंफ एवं लगभग 400 किलोग्राम खसखस जप्त की गई। फर्म गोदाम का खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन ना होने के कारण कलेक्टर शिवम वर्मा ने गोदाम को आगामी आदेश तक बंद कराया है। सौंफ की प्रारंभिक जांच करने पर कलर मिले होने की जानकारी मिली और खसखस भी अमानक स्तर का मिला। दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत लिए गए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि नमूनों की विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
कैसे करें मिलावटी सौंफ और खसखस की पहचान
उपभोक्ता अपने घर पर ही मिलावटी सौंफ और खसखस की पहचान आसान तरीके से कर सकते हैं, सौंफ को हाथ में लेकर रगड़ने पर यदि हाथ में बहुत ही गहरा हरा रंग आ रहा है तो इसमें कलर की मिलावट हो सकती है, यदि हल्का हरा रंग है तो यह प्राकृतिक है। इसके अलावा खसखस को पानी से भरे पारदर्शी गिलास में डालें, शुद्ध खसखस इसकी तली में बैठ जाएगी और खसखस में मिली हुई अशुद्धियां तैरने लगेगी और पानी का रंग दूधिया हो जाएगा।